
शेखपुरा जिले में कोरोना संक्रमण से पीड़ित लोगों की मदद हेतु सामाजिक व राजनीतिक मंच के लोगों ने हाथ बढ़ाना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में पीड़ितों की मदद के लिये भाजयुमो के द्वारा आज एक टोल फ्री नंबर जारी किया गया है। इस बात की जानकारी देते हुए भाजयुमो के जिलाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि जूम एप्प के माध्यम से प्रदेश कमिटी के द्वारा आज वर्चुअल बैठक का आयोजन किया गया था। जिसमें भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह के द्वारा इस टॉल फ्री नम्बर 7050393764 का उद्घाटन किया गया है। इस पर संपर्क करने वाले लोगों को हर संभव मदद का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ युवा जिलाध्यक्ष ने अपील भी किया है कि कोविड-19 का दूसरा चरण अब महामारी का रूप ले चुका है। ऐसे में समाज के सभी बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों, राजनीतिज्ञों एवं अन्य सामर्थ्यवान लोगों का फर्ज बनता है कि वह आम जनता की सहायता हेतु अपना हर संभव योगदान दें। देश विकट परिस्थिति से गुजर रहा है, ऐसे में सभी लोगों को आपसी भेद-भाव भुलाकर एकजुटता के साथ इस महामारी के खिलाफ जारी लड़ाई में साथ देना चाहिए। इस वर्चुअल बैठक में युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री आशीष सिन्हा, शेखपुरा भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर कुमार, जिला महामंत्री रितेश पांडेय, जयप्रकाश गुप्ता, भागलपुर के भाजयुमो जिला प्रभारी आनंद प्रकाश, रामजन्म पासवान, बलराम कुमार, मीडिया प्रभारी रितु कुमारी सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।