शेखपुरा में धान अधिप्राप्ति को सुगम, सरल एवं पारदर्शी बनाने के लिए जिलाधिकारी इनायत खान के द्वारा पदाधिकारियों का एक टीम गठित कर सभी पैक्सों का जांच कराया गया। इसके तहत प्रत्येक प्रखंड के वरीय प्रभारी पदाधिकारी, प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी एवं संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी के द्वारा संयुक्त रूप से सभी पैक्सों एवं व्यापार मंडलों का भौतिक सत्यापन किया गया।
जिलाधिकारी ने इसके लिए स्पष्ट आदेश दिया कि धान विक्रय के इच्छुक किसानों से संपर्क कर उनसे फीडबैक प्राप्त करें। जिन किसानों का धान क्रय नहीं हुआ है, उनसे निर्धारित तिथि 21 फरवरी तक अवश्य खरीद करें। इसके तहत सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी के द्वारा अपने क्षेत्र के कम से कम तीन पैक्स या पंचायतों का निरीक्षण किया गया। इसकी निगरानी के लिये जिलधिकारी ने शेखपुरा एवं घाटकुसुम्भा में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, चेवाड़ा एवं अरियरी में सत्य प्रकाश शर्मा एवं बरबीघा एवं शेखोपुरसराय में सत्येंद्र कुमार सिंह उप विकास आयुक्त को प्रतिनियुक्त किया गया।
इसके अलावा सभी प्रखंडों में वरीय प्रभारी पदाधिकारी- शेखपुरा में शशिकांत आर्य (जिला कोषागार पदाधिकारी), घाटकुसुंभा में राकेश कुमार (जिला सांख्यिकी पदाधिकारी), अरियरी में मोहम्मद खिलाफत अंसारी (जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी), बरबीघा अर्चना कुमारी (वरीय उप समाहर्ता), शेखोपुरसराय में सत्येंद्र प्रसाद (डीपीआरओ) एवं चेवाड़ा में अमित कुमार (वरीय उप समाहर्ता) को भी प्रतिनियुक्त किया गया।
सभी वरीय प्रभारी अधिकारी के द्वारा आज पैक्सों एवं व्यापार मंडलों का जांच कर जांच प्रतिवेदन जिला गोपनीय शाखा को उपलब्ध करा दिया गया।