पटना में गंगा का जलस्तर बढ़ा: CM सम्राट चौधरी का हवाई सर्वे, बाढ़ प्रभावित इलाकों का लिया जायजा
गंगा नदी का जलस्तर खतरे के मुहाने पर, प्रशासन को अलर्ट रहने का निर्देश

पटना में गंगा के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ के हालात के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने 3 सितंबर को पटना में गंगा के बढ़ते जलस्तर का जायजा लिया था। हवाई सर्वे के दौरान उन्होंने दियारा क्षेत्र समेत निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति और प्रभावित लोगों की स्थिति को देखा।

कई इलाकों में बाढ़ का पानी घुसने के कागार पर
गंगा के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी के कारण पटना के कई निचले इलाकों और दियारा क्षेत्रों में पानी का दबाव बढ़ गया है। कई जगह खेत डूब चुके हैं, जबकि कुछ इलाकों में घरों तक पानी पहुंचने की स्थिति बनी हुई है। दानापुर से मनेर, दीघा और आसपास के दियारा क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
मुख्यमंत्री के हवाई सर्वे के बाद प्रशासन को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। बाढ़ प्रभावित इलाकों में नावों की व्यवस्था, राहत शिविर, सामुदायिक रसोई और मेडिकल सहायता पर प्रशासन की नजर है। NDRF और SDRF की टीमें भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखी गई हैं।
सीएम सम्राट चौधरी ने दिया अधिकारियों को निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री और जरूरी सुविधाएं समय पर पहुंचाई जाएं। खासकर दियारा इलाकों में फंसे परिवारों, बुजुर्गों, बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर है। इधर, प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गंगा के तेज बहाव वाले इलाकों और घाटों पर अनावश्यक रूप से जाने से बचें। बढ़ते जलस्तर के बीच सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।



