नीतीश विचार मंच के गठन का प्रस्ताव, जन-जन तक विकास की विचारधारा पहुँचाने की पहल

पटना:- बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य मंत्री श्री अशोक चौधरी के 02 पोलो रोड स्थित सरकारी आवास पर आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में यह प्रस्ताव पारित किया गया कि जिस प्रकार राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, भारत रत्न बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर, पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम, लोकनायक जय प्रकाश नारायण, समाजवादी चिंतक राम मनोहर लोहिया तथा जननायक कर्पूरी ठाकुर के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए संगठित प्रयास किए गए, उसी प्रकार बिहार के माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुशासन, सामाजिक न्याय और जनोपयोगी कार्यों को व्यापक स्तर पर आम जनता तथा नई पीढ़ी तक पहुँचाने हेतु “नीतीश विचार मंच” का गठन कर उसे बिहार सरकार के सोसाईटीज रजिस्ट्रेशन ऐक्ट के तहत् निबंधित कराया जाय, जो कि पूर्णतः गैर-राजनीतिक मंच रहेगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि पिछले 20 वर्षों में मुख्यमंत्री के रूप में तथा इससे पूर्व भारत सरकार में रेल मंत्री सहित विभिन्न मंत्रालयों में मंत्री के रूप में नीतीश कुमार द्वारा किए गए जनहितकारी एवं ऐतिहासिक कार्यों ने बिहार में विकास की नई धारा स्थापित की है तथा मंच का उद्देश्य इन उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विचार-गोष्ठियों, संवाद कार्यक्रमों और जागरूकता अभियानों के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुँचाना होगा, ताकि युवा वर्ग राज्य के विकास मॉडल को तथ्यात्मक रूप से समझ सके।
बैठक में यह भी प्रस्तावित किया गया कि पूर्व विधायक श्री सुनील कुमार को अध्यक्ष, श्री जोगेश्वर राय (शिक्षाविद) को सचिव तथा श्री संजय सिंह (माननीय सदस्य, विधान परिषद) को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जाए। साथ ही डा. अशोक चौधरी (माननीय मंत्री, बिहार सरकार), मो॰ जमा खान (माननीय मंत्री, बिहार सरकार), श्री मंजीत सिंह (मा॰ विधायक), श्री सिद्धार्थ पटेल (मा॰ विधायक), श्रीमती रीना यादव (मा॰ सदस्य, विधान परिषद), श्री रंजीत कुमार झा (महासचिव, जद यू॰), श्री अरविन्द कुमार उर्फ छोटू सिंह (महासचिव, बिहार राज्य नागरिक परिषद्), श्री प्रभु नाथ राम (पूर्व विधायक), श्री संतोष कुशवाहा (महासचिव, जद यू॰) को सदस्य के रूप में मनोनीत करने का प्रस्ताव रखा गया है।
‘‘नीतीश विचार मंच’’ शीघ्र ही कार्यालय स्थापित कर राज्यभर में संवाद, छात्र-युवा सम्मेलन, बौद्धिक परिचर्चा एवं डिजिटल माध्यमों से विकास की इस विचारधारा के प्रचार-प्रसार की रणनीति पर कार्य करेगा। यह पहल समाज में सुशासन, विकास और सामाजिक समरसता के विचार को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से की जा रही है, ताकि आमजन और नई पीढ़ी राज्य में हुए परिवर्तनकारी कार्यों से अवगत हो सके।
बैठक में एक और महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया जिसके अंतर्गत दिनांकः- 01 मार्च 2026 को माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के जन्मदिवस के शुभ अवसर पर स्वैच्छिक रक्त दान शिविर का आयोजन किया जायेगा तथा इस शिविर के बाद संचयित रक्त को थैलीसिमया एवं कैंसर रोग से पीड़ित बच्चों के उपचार हेतु प्रयोग किया जायेगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मंच द्वारा एक कॉफी टेबल बुक का प्रकाशन एवं अनावरण किया जायेगा, जिसमें माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के व्यक्तिव एवं कृतत्व के साथ बिहार में उनके स्वर्णिम शासन काल के दौरान उनके नेतृत्व में बिहार की जनता के लिए तथा पूरे प्रदेश के विकास के लिए एक कुशल शिल्पी की तरह किये गये कार्यो की विस्तार से चर्चा होगी। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने इस प्रस्ताव का समर्थन करते हुए इसे बिहार के बौद्धिक एवं सामाजिक परिदृश्य को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।



