महामहिम राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने शहीद-ए-आजम को किया नमन, शोक सलामी भी दी गई

Patna: आज पूरे देश में भारत माता के अमर सपूत शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह का शहादत दिवस मनाया जा रहा है। लोग उनकी अमर कुर्बानियों को यादकर उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित कर रहे हैं। इस अवसर पर राजधानी पटना में भी राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें महामहिम राज्यपाल व मुख्यमंत्री सहित कई गणमान्य लोगों ने भगत सिंह की शहादत को याद किया।
कारगिल चौक के पूरब शहीद-ए-आजम भगत सिंह के प्रतिमा स्थल प्रांगण में आयोजित मुख्य समारोह में सबसे पहले सशस्त्र पुलिस बल द्वारा शोक सलामी दी गई। जिसके बाद राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शहीद-ए-आजम की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उन्हें शत्-शत् नमन किया।
विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी भी सहित अन्य नेताओं ने भी श्रद्धा के फूल चढ़ाए। साथ ही शहीदे-आजम की याद में 2 मिनट का मौन भी रखा।
इस मौके पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ० एस० सिद्धार्थ, सचिव कुमार रवि सहित अनेक सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं तथा गणमान्य व्यक्तियों ने शहीद-ए-आजम की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया तथा अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।