
Sheikhpura: जिला प्रशासन ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए राजस्व कर्मचारी विष्णुदेव यादव को बर्खास्त कर दिया है। शुक्रवार को जिला समाहर्ता आरिफ अहसन ने संविदा पर नियुक्त इस कर्मचारी का नियोजन तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया। यह कार्रवाई राजस्व कर्मचारी पर दाखिल-खारिज मामलों में जानबूझकर आपत्ति लगाने और रिश्वत लेने की शिकायतों के आधार पर की गई है। मामले की जांच भूमि सुधार उपसमाहर्ता ने की थी, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर यह फैसला लिया गया।
भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति
जिलाधिकारी आरिफ अहसन ने कहा कि शेखपुरा प्रशासन भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सचेत करते हुए कहा कि जनता की सेवा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जनता से अपील
डीएम ने नागरिकों से अपील की कि यदि कोई सरकारी कर्मी उनसे अवैध रूप से पैसे की मांग करता है या कार्य में अनावश्यक अड़चन डालता है, तो वे सीधे प्रशासन से शिकायत करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ऐसी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से आम जनता में विश्वास बढ़ा है और सरकारी कार्यालयों में पारदर्शिता लाने की दिशा में यह एक बड़ा कदम माना जा रहा है।